बूथ से प्रदेश तक मेहनत रंग लाई, छत्तीसगढ़ कांग्रेस पूरे देश में नंबर वन

बूथ से प्रदेश तक मेहनत रंग लाई, छत्तीसगढ़ कांग्रेस पूरे देश में नंबर वन

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की नई दिल्ली में आयोजित समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस को बड़ी उपलब्धि मिली है। बेहतर संगठन निर्माण एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस कनेक्ट सेंटर की रिपोर्टिंग के आधार पर प्रदेश कांग्रेस को पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

इस उपलब्धि पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन-प्रशासन) मलकीत सिंह गैंदू ने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही सह-प्रभारी एस. संपत कुमार, ज़रीता लैथफ्लांग और विजय जांगिड़ के समन्वय तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यरत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से यह सफलता मिली है।

मलकीत सिंह गैंदू ने कहा कि यह उपलब्धि संगठन के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।