Crime News : रायपुर पुलिस ने ढूंढ निकालीं दो सहेलियां : घर से बिना बताए निकलीं, ट्रेन बदलकर पहुंच गईं महाराष्ट्र
रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से लापता हुई दो सहेलियों (एक नाबालिग, एक बालिग) को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बिना बताए घर से घूमने के लिए निकली थीं और पुलिस को गुमराह करने के लिए लगातार ट्रेन बदल रही थीं।
जानकारी के मुताबिक 16 मार्च को रामनगर इलाके से दोनों के परिजनों ने गुढ़ियारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और डीसीपी नॉर्थ ज़ोन के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों बालिकाएं पुरी जाने वाली ट्रेन में सवार होती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने जीआरपी से संपर्क किया और ट्रैकिंग शुरू की। इसी दौरान पता चला कि दोनों बीच रास्ते में ट्रेन बदलकर अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई हैं।
पुलिस और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन का पीछा करते हुए आखिरकार महाराष्ट्र के भुसावल रेलवे स्टेशन पर दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। परिजनों के पहुंचने तक दोनों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) में सुरक्षित रखा गया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे सिर्फ घूमने के इरादे से घर से निकली थीं और पकड़े जाने से बचने के लिए बार-बार ट्रेन बदल रही थीं।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय पार्षद भोलाराम साहू और परिजनों ने रायपुर पुलिस और गुढ़ियारी थाना टीम का आभार जताया।
thebiginningtimes