ओडिशा से स्कूटी में गांजा लेकर रायपुर पहुंचे थे तस्कर, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
3.20 लाख का सामान जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने भनपुरी इलाके में 4 किलो 496 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी से गांजा लाकर बिक्री की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और वाहन समेत करीब 3.20 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना खमतराई क्षेत्र में 22 मार्च को सूचना मिली थी कि दो युवक टीव्हीएस जुपिटर (CG04 PV 1604) में गांजा लेकर विजय नगर भनपुरी से अरोरा धर्मकांटा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शिव कुमार ढीमर (27) निवासी तेलीबांधा और शुभम घोष (29) निवासी सिविल लाइन बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी और थैले से कुल 4 किलो 496 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लाए थे और रायपुर में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने गांजा (करीब 2.5 लाख रुपए) और स्कूटी (करीब 70 हजार रुपए) जब्त कर ली है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खमतराई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
thebiginningtimes