रक्षाबंधन पर अनोखी पहल: सैनिकों तक पहुंचेगी छत्तीसगढ़ की मिट्टी और बहनों का स्नेह,पार्षद रानी सौरभ जैन ने की अपील
ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र' अभियान शुरू
तिल्दा-नेवरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए "ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र" अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत मातृशक्ति, बहनों, छात्र-छात्राओं और नगरवासियों से सैनिकों के लिए राखी, छत्तीसगढ़ की पवित्र मिट्टी और शुभकामना संदेश भेजने की अपील की गई है।
भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा शहर मंडल की अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-21 (मिशन वार्ड) की पार्षद रानी सौरभ जैन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की जनता का प्रेम, सम्मान और अपनापन देश की रक्षा में जुटे भारतीय सैनिकों तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि नागरिक एक साधारण लिफाफे में एक राखी (रक्षा-सूत्र), एक चुटकी छत्तीसगढ़ की मिट्टी और भारतीय सैनिकों के नाम स्नेह व शुभकामनाओं से भरा एक पत्र रखकर अपने निकट के विद्यालय, महिला कार्यकर्ता अथवा निर्धारित संग्रह केंद्र में जमा कर सकते हैं।
इस अभियान के अंतर्गत एकत्रित सभी राखियां, पत्र और मिट्टी को पूर्व सैनिक संगठन "सिपाही" के माध्यम से पूरे सम्मान के साथ भारतीय सेना के जवानों तक पहुंचाया जाएगा।
रानी सौरभ जैन ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा में लगे सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि एक रक्षा-सूत्र, एक चुटकी मिट्टी और एक भावपूर्ण पत्र सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का सशक्त माध्यम बन सकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सहभागिता निभाकर सैनिकों के प्रति अपने प्रेम और सम्मान का संदेश पहुंचाने की अपील की।
thebiginningtimes