सीसीपीएल-3 : दूसरी बार फाइनल में पहुंची बिलासपुर, बस्तर को हराकर जीता एकतरफा मुकाबला

सीसीपीएल-3 : दूसरी बार फाइनल में पहुंची बिलासपुर, बस्तर को हराकर जीता एकतरफा मुकाबला

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) के पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर बुल्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बस्तर बायसंस को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। गेंदबाजी में मोहित राउत की हैट्रिक और बल्लेबाजी में विकल्प तिवारी की नाबाद अर्धशतकीय पारी टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ। बिलासपुर के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही बस्तर के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 18.2 ओवर में 112 रन पर समेट दिया।

बस्तर बायसंस की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अब्दुल अनस खान ने 29 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि अमय मोरे ने 19 रन का योगदान दिया।

बिलासपुर की ओर से मोहित राउत और रुद्र प्रताप देहारी ने 3-3 विकेट झटके। मोहित राउत ने अपने स्पेल में शानदार हैट्रिक लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और बस्तर की पारी को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

विकल्प तिवारी ने मैच विनिंग पारी

113 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने 15.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम के लिए विकल्प तिवारी ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 53 रन बनाए और जीत तक डटे रहे।

उनके अलावा अभिजीत ताह ने 22 रन और आयुष पांडेय ने 21 रन का योगदान दिया। बस्तर की ओर से देव आदित्य सिंह ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

बस्तर बायसंस को एकतरफा मुकाबले में दी मात

इस जीत के साथ बिलासपुर बुल्स ने सीसीपीएल के इतिहास में दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। टीम ने सेमीफाइनल में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर बायसंस को एकतरफा मुकाबले में मात दी।

मोहित राउत बने प्लेयर ऑफ द मैच

घातक गेंदबाजी और शानदार हैट्रिक के दम पर बिलासपुर बुल्स के गेंदबाज मोहित राउत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी गेंदबाजी ने बस्तर की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी और बिलासपुर की जीत की मजबूत नींव रखी।