सीसीपीएल-3 : शशांक का शतक और गेंदबाजों का कहर, रायगढ़ की करारी हार

सीसीपीएल-3 : शशांक का शतक और गेंदबाजों का कहर, रायगढ़ की करारी हार

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में बुधवार को खेले गए 50वें मुकाबले में बस्तर बायसंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रायगढ़ लायंस को 88 रन से हरा दिया। कप्तान शशांक चंद्राकर के तूफानी शतक और गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के दम पर बस्तर ने एकतरफा जीत दर्ज की।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए मुकाबले में बस्तर बायसंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

कप्तान शशांक चंद्राकर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 100 रन बनाए। उनकी शतकीय पारी में 9 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। शशांक को अनुज तिवारी (44 रन) और राहुल प्रधान (24 रन) का भी अच्छा साथ मिला।

रायगढ़ लायंस की ओर से आयुष सिंह ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट झटके, जबकि आदित्य अग्रवाल को 2 सफलताएं मिलीं।

121 रन पर सिमटी रायगढ़ की टीम

210 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई और पूरी टीम 16.2 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई।

रायगढ़ के लिए शुभम मौर्या ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि शुभम अग्रवाल ने 23 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

बस्तर बायसंस की ओर से सौरभ मजुमदार और उत्कर्ष तिवारी ने 3-3 विकेट लेकर रायगढ़ की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं मनराज सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।

शशांक बने प्लेयर ऑफ द मैच

शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने वाले शशांक चंद्राकर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी इस पारी ने मुकाबले का रुख पूरी तरह बस्तर बायसंस के पक्ष में कर दिया।