बारिश के कारण 15-15 ओवर का मुकाबला : रुद्र प्रताप बने जीत के हीरों, बिलासपुर बुल्स ने सरगुजा टायगर्स को हराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल)-3 में बुधवार को खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने सरगुजा टायगर्स को 9 रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। बारिश के कारण मैच 15-15 ओवर का खेला गया। बिलासपुर की जीत के नायक रुद्र प्रताप देहारी रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए मुकाबले में सरगुजा टायगर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलासपुर बुल्स ने 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए।
बिलासपुर की ओर से विकल्प तिवारी ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए 53 रन बनाए। पवन परनाते ने 35 और प्रतीक यादव ने 32 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। सरगुजा की ओर से वासुदेव बरेथ सबसे सफल गेंदबाज रहे और 3 विकेट हासिल किए।

*लक्ष्य के करीब पहुंचकर लड़खड़ाई सरगुजा*
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरगुजा टायगर्स की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। सानिध्य हुरकत ने 43 रन, कृतेश साहु ने 35 रन और आशुतोष सिंह ने 32 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
पूरी टीम 14.4 ओवर में

137 रन पर सिमट गई। बिलासपुर की ओर से रुद्र प्रताप देहारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। भरत गोंडवानी और वरुण सिंह भुई ने 2-2 विकेट लेकर सरगुजा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

*रुद्र प्रताप बने मैच के हीरो*
ऑलराउंड प्रदर्शन और निर्णायक गेंदबाजी के दम पर रुद्र प्रताप देहारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत बिलासपुर बुल्स ने रोमांचक मुकाबले में 9 रन से जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की।
thebiginningtimes