CCPL-3 Semifinal : कल होगा ‘करो या मरो’ का मुकाबला, 4 टीम में से कौन 2 पहुंचेगा फाइनल में ?

CCPL-3 Semifinal : कल होगा ‘करो या मरो’ का मुकाबला, 4 टीम में से कौन 2 पहुंचेगा फाइनल में ?

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) अब अपने सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुकी है। लीग चरण खत्म होने के बाद 12 जून को दो हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनसे फाइनल की तस्वीर साफ हो जाएगी।

पहले सेमीफाइनल में दोपहर 3 बजे अंक तालिका में शीर्ष पर रही बिलासपुर बुल्स का सामना बस्तर बायसंस से होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल रात 7:30 बजे रायगढ़ लायंस और रायपुर राइनोस के बीच खेला जाएगा। दोनों मुकाबलों के विजेता 14 जून को होने वाले खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे।

बिलासपुर बुल्स सबसे बड़ी दावेदार

लीग चरण में बिलासपुर बुल्स का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। टीम ने अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर 10 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। लगातार जीत के दम पर बुल्स ने विरोधी टीमों को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह इस सीजन की सबसे मजबूत दावेदार है।

रायगढ़-रायपुर की टक्कर पर सबकी नजर

रायगढ़ लायंस और रायपुर राइनोस ने 6-6 अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि बेहतर नेट रन रेट के कारण रायगढ़ दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रही। दोनों टीमों के बीच मुकाबले को टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच माना जा रहा है।

बस्तर ने आखिरी टिकट पर जमाया कब्जा

बस्तर बायसंस ने 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल का आखिरी टिकट हासिल किया। अब टीम के सामने लीग की अपराजेय बिलासपुर बुल्स की चुनौती होगी।

दो टीमों का सफर हुआ खत्म

राजनांदगांव पैंथर्स और सरगुजा टाइगर्स लीग चरण से आगे नहीं बढ़ सके। दोनों टीमों ने पांच में से सिर्फ एक-एक मैच जीता और 2-2 अंकों के साथ क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहीं।

तय होंगे फाइनलिस्ट

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं। एक ओर बिलासपुर बुल्स अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी, तो दूसरी ओर बाकी तीन टीमें उलटफेर कर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।