सीसीपीएल-3 : रायपुर रायनोस की जीत की हैट्रिक, बस्तर बायसंस को 5 विकेट से हराया

सीसीपीएल-3 : रायपुर रायनोस की जीत की हैट्रिक, बस्तर बायसंस को 5 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में रायपुर रायनोस का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए बस्तर बायसंस को 5 विकेट से मात दी। मुकाबले में हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले हर्ष शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में शनिवार को खेले गए मुकाबले में रायपुर रायनोस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बस्तर बायसंस की टीम 19.3 ओवर में 124 रन पर सिमट गई।

बस्तर की ओर से अनुज तिवारी ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। वहीं अम्बरीश कुमार ने 25 और देव आदित्य सिंह ने 21 रनों का योगदान दिया। रायपुर रायनोस के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए बस्तर के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। आशिष चौहान और मयंक यादव ने 3-3 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

हर्ष शर्मा की अर्धशतकीय पारी से आसान हुई जीत

125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायपुर रायनोस की शुरुआत संतुलित रही। टीम ने 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 126 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रायपुर की जीत के नायक हर्ष शर्मा रहे, जिन्होंने 56 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। अमित कुमार यादव ने भी 30 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। बस्तर बायसंस की ओर से सौरभ मजुमदार ने 2 विकेट हासिल किए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।

अंक तालिका में मजबूत हुई स्थिति

लगातार तीसरी जीत के साथ रायपुर रायनोस ने टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है। टीम का संतुलित प्रदर्शन उसे खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल कर रहा है। वहीं बस्तर बायसंस को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

 स्कोर :
बस्तर बायसंस – 124 रन (19.3 ओवर)
अनुज तिवारी 35, अम्बरीश कुमार 25, देव आदित्य सिंह 21
आशिष चौहान 3 विकेट, मयंक यादव 3 विकेट

रायपुर रायनोस – 126/5 (15.1 ओवर)
हर्ष शर्मा 56, अमित कुमार यादव 30
सौरभ मजुमदार 2 विकेट