कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बोला हमला: 31 मार्च तक पूरा होगा संगठन विस्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की गुरुवार को हुई पत्रकारवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को भाजपा नेताओं ने “एटीएम” बना लिया है और सरकार जनता की मूलभूत जरूरतों तक पूरी नहीं कर पा रही।
दीपक बैज ने बताया कि वर्ष 2026 को कांग्रेस ने संगठन सृजन का वर्ष घोषित किया है। छत्तीसगढ़ में जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर अध्यक्षों का चयन हो चुका है, जबकि कार्यकारिणी गठन का काम जारी है। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च तक प्रदेश का पूरा सांगठनिक ढांचा तैयार कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बूथ, वार्ड और ग्राम स्तर पर भी पुनर्गठन का काम तेजी से चल रहा है और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
‘भाजपा ने प्रदेश को एटीएम बना लिया
बैज ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग में 300 करोड़ रुपए के मेनपावर सप्लाई टेंडर में नियमों की अनदेखी कर एक ही मालिक की दो कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब टेंडर में यह स्पष्ट था कि एक मालिक की दो कंपनियां चयनित नहीं हो सकतीं, तो फिर यह कैसे हुआ।
उन्होंने ईडी, ईओडब्ल्यू और सीबीआई से इस पूरे मामले की जांच की मांग की।

अफीम खेती को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में अवैध अफीम खेती सत्ता के संरक्षण में हो रही है। दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ जिलों में हाल ही में कई मामलों का खुलासा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गिरदावरी रिपोर्ट में अफीम की जगह दूसरी फसलें दिखाकर मामले को छिपाने की कोशिश की गई। साथ ही नगरी-सिहावा क्षेत्र में कार्रवाई दबाने का भी आरोप लगाया।
गैस संकट पर सरकार घिरी
दीपक बैज ने घरेलू गैस की कमी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम लोग और गृहणियां गैस के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार केवाईसी का बहाना बनाकर सप्लाई रोक रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाजार में कालाबाजारी बढ़ गई है और 900 रुपए का सिलेंडर 3000 रुपए तक बेचा जा रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और बुकिंग भी प्रभावित है।
होटल व्यवसाय भी प्रभावित
बैज ने कहा कि कमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित होने से होटल व्यवसायियों को भी परेशानी हो रही है। इससे आम लोगों को भी भोजन उपलब्ध कराने में दिक्कतें बढ़ रही हैं।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में आंदोलन किया जाएगा।
thebiginningtimes