रायपुरवासियों के लिए जरूरी खबर : 11 जून की शाम नहीं मिलेगा पानी, 42 टंकियों से प्रभावित रहेगी सप्लाई

रायपुरवासियों के लिए जरूरी खबर : 11 जून की शाम नहीं मिलेगा पानी, 42 टंकियों से प्रभावित रहेगी सप्लाई

रायपुर। शहर के कई इलाकों में 11 जून की शाम पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडर के संधारण एवं केबल कनेक्शन कार्य के चलते इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे। इसके कारण 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़े 42 जलागारों से शाम की जलापूर्ति नहीं हो सकेगी।

नगर निगम जलकार्य विभाग के अनुसार रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के 10 पोल स्ट्रक्चर के बीच डाली गई भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान 33 केवी लाइन, इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे, जिससे संबंधित जलागारों में पानी भरना संभव नहीं होगा।

इन क्षेत्रों में शाम की जलापूर्ति रहेगी प्रभावित

डंगनिया, ईदगाहभाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, बोरियाकला सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरन बाजार (नया), देवेंद्र नगर (नया) और संजय नगर ओवरहेड टैंकों से जुड़े क्षेत्रों में 11 जून की सुबह जलापूर्ति होने के बाद शाम को पानी नहीं मिलेगा।

12 जून से व्यवस्था होगी सामान्य

नगर निगम ने बताया कि 12 जून की सुबह से जलापूर्ति नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी। वहीं शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से जल वितरण पूर्ववत जारी रहेगा।

निगम की अपील जलापूर्ति प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर आवश्यक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने की अपील की गई है।