20 साल की सेवा का सम्मान : डॉ. यशपाल बावरिया छत्तीसगढ़ राज्य होम्योपैथिक परिषद के सदस्य मनोनीत

20 साल की सेवा का सम्मान : डॉ. यशपाल बावरिया छत्तीसगढ़ राज्य होम्योपैथिक परिषद के सदस्य मनोनीत

रायपुर। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अनुशंसा पर रायपुर के वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. यशपाल बावरिया को छत्तीसगढ़ राज्य होम्योपैथिक परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ होम्योपैथी परिषद अधिनियम, 1976 के तहत नई परिषद का गठन करते हुए इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

डॉ. यशपाल बावरिया पिछले 20 वर्षों से होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से जनसेवा कर रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ एवं मध्य भारत के पहले ऐसे होम्योपैथिक चिकित्सक हैं, जिनका नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। उनकी नियुक्ति पर चिकित्सा जगत और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार गठित परिषद में कुल 10 सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें रायपुर होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप मुकुंद पिम्पले, उप प्राचार्य डॉ. निर्मल भोई, बिलासपुर के डॉ. ओंकार सिंह राजपूत, भिलाई के डॉ. प्रदीप चौधरी, खरोरा के डॉ. गुलाब टिकरिहा, मनेंद्रगढ़ की डॉ. रश्मि सोनकर, रायपुर के डॉ. यशपाल बावरिया, कु. रितु पाण्डेय, डॉ. सुशील हरिरमानी तथा आयुष संचालनालय के डॉ. अभ्युदयशक्ति तिवारी शामिल हैं।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से प्रभावशील होगी। परिषद का गठन होम्योपैथी चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा चिकित्सा शिक्षा एवं सेवाओं के प्रभावी संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।