चिल्लर की किल्लत से मिलेगी राहत : डुमरतराई बाजार में बांटे गए नए नोट और सिक्के

चिल्लर की किल्लत से मिलेगी राहत :  डुमरतराई बाजार में बांटे गए नए नोट और सिक्के

रायपुर। बाजार में लंबे समय से बनी चिल्लर की कमी को देखते हुए डुमरतराई थोक बाजार व्यापारी कल्याण महासंघ ने मंगलवार को व्यापारियों के बीच 5, 10 और 20 रुपए के नए नोटों तथा सिक्कों का वितरण किया। इस पहल से छोटे व्यापारियों और ग्राहकों को रोजमर्रा के लेन-देन में राहत मिलने की उम्मीद है।

महासंघ के अध्यक्ष प्रेम पाहुजा ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जिलों की कई बैंकों में छोटे नोट और सिक्के पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते आम नागरिकों और व्यापारियों को लेन-देन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि चिल्लर की कमी का सबसे अधिक असर छोटे और मध्यम व्यापारियों पर पड़ रहा है। कई बार ग्राहकों और दुकानदारों के बीच छुट्टे पैसे को लेकर विवाद की स्थिति भी बन जाती है। सार्वजनिक परिवहन, किराना दुकान, मेडिकल स्टोर, फल-सब्जी बाजार सहित दैनिक उपयोग के कारोबार इस समस्या से विशेष रूप से प्रभावित हैं।

इसी समस्या के समाधान के लिए डुमरतराई थोक बाजार व्यापारी कल्याण महासंघ ने व्यापारियों को 5, 10 और 20 रुपए के नए नोट एवं सिक्कों का वितरण किया। महासंघ का कहना है कि आगे भी आवश्यकता के अनुसार इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में महासंघ के अध्यक्ष प्रेम पाहुजा, महामंत्री गोविंद माहेश्वरी, महेश चंदवानी, प्रकाश दरयानी, पवन अल्वा, जवाहर थारानी, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप केवलानी, सुनील मलानी, विशाल पोपटानी और राजेश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।