सीसीपीएल-3 : राहुल प्रधान की तूफानी पारी, बस्तर बायसंस ने राजनांदगांव पैथर्स को 24 रन से हराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में बस्तर बायसंस ने राजनांदगांव पैथर्स को 24 रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। राहुल प्रधान की शानदार 73 रन की पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत बस्तर ने मैच अपने नाम किया। राहुल प्रधान को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। राहुल प्रधान और ऋषि शर्मा के बीच 41 गेंदों में शानदार 55 रन की साझेदारी हुई।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजनांदगांव पैथर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्तर बायसंस ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 185 रन बनाए। टीम की ओर से राहुल प्रधान ने 73 रन की आक्रामक पारी खेली। वहीं ऋषि शर्मा और शशांक चंद्राकर ने 25-25 रन का योगदान दिया।
राजनांदगांव की ओर से सुमित रुईकर ने सबसे सफल गेंदबाज रहते हुए 3 विकेट झटके। सत्यम दुबे और भावेश साहू को 2-2 विकेट मिले।

अजय मंडल की फिफ्टी भी नहीं बचा सकी टीम
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैथर्स की शुरुआत शानदार रही। कप्तान अजय मंडल और आशीष डहरिया ने पहले विकेट के लिए 109 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अजय मंडल ने 60 रन और आशिष डहरिया ने 42 रन बनाए।
हालांकि, शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद टीम नियमित अंतराल में विकेट गंवाती रही और पूरी टीम 19.1 ओवर में 161 रन पर सिमट गई।

अब्दुल अनस खान ने पलटा मैच
बस्तर बायसंस की ओर से अब्दुल अनस खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। उत्कर्ष तिवारी ने 2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। दोनों गेंदबाजों ने मध्यक्रम को झकझोरते हुए मैच का रुख बस्तर की ओर मोड़ दिया।
इस जीत के साथ बस्तर बायसंस ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि राजनांदगांव पैथर्स को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा।
thebiginningtimes