सीसीपीएल-3 : बारिश का खलल नहीं रोक पाया संगीत का तूफान,रायगढ़ लायंस ने रायपुर रायनोस को 2 विकेट से हराया

सीसीपीएल-3 : बारिश का खलल नहीं रोक पाया संगीत का तूफान,रायगढ़ लायंस ने रायपुर रायनोस को 2 विकेट से हराया

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल-3) में मंगलवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने रायपुर रायनोस को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। बारिश से प्रभावित मैच में संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए रायगढ़ ने 9.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 119 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार अर्धशतकीय पारी खेलने वाले संगीत सोनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दिन के दूसरे मुकाबले में रायगढ़ लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायपुर रायनोस ने 19.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए।

रायपुर की ओर से कप्तान अमनदीप खरे ने 60 रन की जिम्मेदार पारी खेली। अमित कुमार यादव ने 52 रन और हर्ष शर्मा ने 31 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। रायगढ़ के लिए प्रवीण कुमार यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 3 विकेट हासिल किए।

बारिश के बाद मिला 10 ओवर में 114 रन का लक्ष्य

बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ, जिसके बाद रायगढ़ लायंस को 10 ओवर में 114 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रायगढ़ की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

संगीत सोनी ने मात्र कुछ ओवरों में मैच का रुख बदलते हुए 51 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं दीपक यादव ने नाबाद 37 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। रायगढ़ ने 9.4 ओवर में 119 रन बनाकर मुकाबला 2 विकेट से अपने नाम कर लिया।

गेंदबाजों ने किया संघर्ष

रायपुर रायनोस की ओर से गौरव चतुर्वेदी ने 3 विकेट लेकर मैच में वापसी की कोशिश की, जबकि शाहबान ने 2 विकेट झटके। इसके बावजूद रायगढ़ के बल्लेबाजों ने दबाव में संयम बनाए रखा और टीम को जीत दिला दी।