भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव : दादाबाड़ी में पहली बार हुआ 1008 एकासना,बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने दिन में केवल एक बार किया भोजन

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव : दादाबाड़ी में पहली बार हुआ 1008 एकासना,बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने दिन में केवल एक बार किया भोजन

भगवान महावीर के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मेहंदी संध्या और नृत्या नाटिका का हुआ मंचन 

देवेंद्र नगर में निकली प्रभात फेरी, धर्म सभा में भगवान महावीर स्वामी के संदेशों का किया वाचन 

रायपुर। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति द्वारा पहली बार रविवार को श्री जिनकुशल सूरी जैन दादाबाड़ी तीर्थ में 1008 एकासना का विशाल आयोजन किया गया। भगवान महावीर जन्म कल्याणक समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक समय भोजन का नियम अपनाकर साधना किया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों और धर्मप्रेमियों ने बड़ी संख्या में एकासना किया। यह आयोजन स्व. वीरचंद डागा की स्मृति में सरोज देवी की प्रेरणा से कराया गया। एकासना के लाभार्थी  विवेक-दीपिका, यश-सोनल, जैनिशा, जीविषा, लियांशी, हर्षवीर डागा परिवार रायपुर है। समिति के सदस्यों ने लाभार्थी परिवार के विवेक डागा का श्रीफल एवं शॉल से स्वागत व अभिवादन किया। 

भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर मेहंदी उत्सव और नृत्य नाटिका का हुआ मंचन 

दादाबाड़ी में रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक “मेहंदी राचन लागी, श्रमण वीर नाम री” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आकर्षक मेहंदी, गेम्स, संगीत और मनोरंजन की प्रस्तुतियों के साथ मेहंदी स्पर्धा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती निकिता लूनिया ने अपनी सुमधुर स्वर की प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में आदिनाथ दिगंबर जैन महिला मंडल, श्री पारसनाथ दिगंबर जैन महिला मंडल और प्रतिभा महिला मंडल का विशेष सहयोग रहा। साथ ही भगवान महावीर के जन्मोत्सव के अवसर पर नृत्य नाटिका का मंचन किया किया। यह मंचन आधे घंटे का रहा, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटिका का मंचन चंचल जैन, शालिनी जैन, काजल जैन, प्रिया जैन, धान्या जैन और शुभाली जैन ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंजली गोलछा और कृतिका जैन शामिल रहीं और वंदना धाड़ीवाल का महत्वपर्ण सहयोग रहा। 

अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड बनवाने जुटे समाजजन

जैन एडवोकेट्स ग्रुप रायपुर की ओर से दादाबाड़ी में छत्तीसगढ राज्य अल्पसंख्यक आयोग एवं स्वास्थ्य विभाग रायपुर के सहयोग से जैन समाज के लिए अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान कार्ड के लिए तीन दिवसीय शिविर का आयेाजन किया गया। अधिवक्ता सौरभ जैन, अधिवक्ता बबिता मरोटी और अधिवक्ता सिद्धार्थ डागा ने बताया कि तीन दिवसीय इस शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र बनाने के लिए आज 100 से ज्यादा लोगों ने अपने दस्तावेज जमा किए, वहीं 105 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। साथ ही 250 से ज्यादा समाजजनों ने प्रक्रिया की जानकारी ली है। 

इस दौरान भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के सदस्य मौजूद रहे। 

देवेंद्र नगर में निकली प्रभात फेरी 
भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 का राजधानी में सकल जैन समाज द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को देवेंद्र नगर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और धर्मप्रेमी शामिल हुए। प्रभात फेरी में भगवान महावीर का संदेश और जैन सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने की सार्थक पहल की गई और सभा के दौरान संदेशों का वाचन किया गया। 

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 के अंतर्गत राजधानी के विभिन्न जैन मंदिरों से 15 दिनों तक प्रभात फेरी निकाली जा रही है। महावीर जयंती तक हर दिन यह आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को श्री शीतलनाथ जिनालय, सेक्टर 2 से प्रारंभ होकर वर्धमान वाटिका, सेक्टर 5 देवेंद्र नगर तक प्रभात फेरी निकाली गई। देवेंद्र नगर मंडल के नीरव बरड़िया ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान पुरूष सफेद और महिलाएं केसरिया रंग के वस्त्रों में शामिल हुई। बच्चों ने हाथ में तख्ती लेकर भगवान महावीर स्वामी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। 

भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 
समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन में यह पावन पर्व मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने जानकारी दी कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं।