सीसीपीएल-3 : अभिजीत ताह की तूफानी फिफ्टी,बिलासपुर बुल्स ने राजनांदगांव पैंथर्स को 8 विकेट से हराया
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तीसरे संस्करण में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजनांदगांव पैंथर्स को 8 विकेट से हरा दिया। बल्लेबाज अभिजीत ताह की विस्फोटक पारी और आयुष पांडे के अर्धशतक की बदौलत बुल्स ने 134 रन का लक्ष्य महज 13.1 ओवर में हासिल कर लिया।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में खेले गए मैच में राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। कप्तान अजय मंडल ने 31 रन, ऐश्वर्य मार्या ने नाबाद 26 रन और आर्यन जायसवाल ने 24 रन का योगदान दिया।
बिलासपुर बुल्स की ओर से हर्ष राठौर और भरत गोंडवानी ने 2-2 विकेट हासिल कर पैंथर्स की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया।

100 रन की साझेदारी ने दिलाई आसान जीत
134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की शुरुआत बेहद शानदार रही। अभिजीत ताह और आयुष पांडे ने पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर मैच को एकतरफा बना दिया।
अभिजीत ताह ने 64 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि आयुष पांडे ने 51 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी के सामने पैंथर्स के गेंदबाज बेअसर नजर आए। बिलासपुर ने केवल 13.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से कप्तान अजय मंडल ने दोनों विकेट झटके, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
Lucky Draw winners


अभिजीत ताह बने प्लेयर ऑफ द मैच
64 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले अभिजीत ताह को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सीसीपीएल-3 में बिलासपुर बुल्स की यह जीत टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाली साबित हुई, जबकि राजनांदगांव पैंथर्स को आगामी मुकाबलों में वापसी के लिए बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
thebiginningtimes