सरगुजा टायगर्स ने सीसीपीएल इतिहास का बनाया सबसे कम स्कोर,राजनांदगांव की शानदार 9 विकेट से जीत
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (सीसीपीएल) के तृतीय संस्करण का आयोजन 3 जून से 14 जून तक शहीद वीर नारायण सिंह अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में किया जा रहा है।

8 जून का दूसरा मैच सरगुजा टायगर्स तथा राजनांदगांव पैंथर्स के मध्य खेला गया। राजनांदगांव पैंथर्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया।

सरगुजा टायगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.5 ओवरों में 10 विकेट खोकर केवल 64 रन बनाए। सरगुजा टायगर्स ने सीसीपीएल इतिहास का सबसे कम स्कोर बनाया। उनकी शुरुआत काफी खराब रही तथा निरंतर अंतराल में उनके विकेट गिरते गए। सरगुजा टायगर्स की ओर से प्रथम जाचक ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से भावेश साहू ने शानदार गेंदगाजी करते हुये 5 विकेट प्राप्त किए। उनके अतिरिक्त अजय मंडल तथा सुमित रुइकर ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।



केवल 65 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजनांदगांव पैंथर्स ने केवल 5 ओवरों में 1 विकेट खोकर 65 रन बनाकर मैच आसानी से जीत लिया। राजनांदगांव पैंथर्स की ओर से अजय मंडल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों में 46 रन बनाए। सरगुजा टायगर्स की ओर से हर्ष यादव ने 1 विकेट प्राप्त किया। राजनांदगांव पैंथर्स ने 9 विकेट से मैच जीत लिया। भावेश साहू प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
thebiginningtimes