Crime News : रायपुर में पैसों के विवाद में युवक की हत्या, 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Crime News :  रायपुर में पैसों के विवाद में युवक की हत्या, 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रावतपुरा फेस-2 स्थित साईं मंदिर के पास अजय अग्रवाल (34) पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के परिजनों ने बताया कि अजय ने घायल अवस्था में ही हमलावर का नाम डोमेश्वर देवांगन बताया था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी डोमेश्वर देवांगन (18) ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पैसों को लेकर था विवाद
जांच में सामने आया कि आरोपी ने मृतक के लिए कंस्ट्रक्शन का काम किया था। इसी काम के 50 हजार रुपए को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी पैसे लेने अजय के घर पहुंचा था। रकम नहीं मिलने पर वह बाहर इंतजार करता रहा और जैसे ही अजय बाहर निकला, उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में अजय के पेट में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह बघेल, डी.डी. नगर थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र यादव सहित एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और दोनों थानों की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।