भाजपा मतों के ध्रुवीकरण के लिए धर्मांतरण का हव्वा खड़ा करती है : सुशील
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार विश्वास के संकट के दौर से गुजर रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर एक धर्म विशेष के द्वारा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन बताता है कि राज्य की भाजपा सरकार अपना विश्वास जनता से खो चुकी है, इसीलिए जनता सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा का धर्म से धर्म को लड़ाने वाले चरित्र के कारण लोग शशंकित है कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के कानून के रूप में आने के बाद भाजपा सरकार उसका दुरुपयोग करेगी। राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद आरएसएस, भाजपा के अनुशांगिक संगठनों के लोग पिछले दो सालों में जिस प्रकार का आतंक मचाते रहे है और सरकार का उनको संरक्षण रहा है, उसके कारण लोगों में भय उत्पन्न होना स्वाभाविक है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक भाजपा का राजनैतिक प्रोपोगंडा मात्र है। भाजपा मतों के ध्रुवीकरण के लिए धर्मांतरण का हव्वा खड़ा करती है। इस विधेयक के कानून बन जाने के बाद भी भाजपा धर्मांतरण के मामले में केवल राजनीति करेगी। 2006 में भाजपा ने रमन सरकार के समय भी धर्मांतरण को लेकर विधेयक विधानसभा में पारित कराया था। 20 सालों तक वह राजभवन में कैद रहा, जबकि अनेक वर्षों तक केंद्र, राज्य में भाजपा की सरकारे थी, भाजपा केवल जनता को दिखाने के लिए कानून बनाने का स्वांग रचती है। हकीकत में वह धर्मांतरण को बढ़ावा देती है ताकि वह ध्रुवीकरण की राजनीति कर सके। अबकी बार का विधेयक फिर राजभवन में ही कैद नहीं रहेगा। भाजपा इसको भी कानून का रूप नहीं लेने देगी।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जबरन धर्मांतरण को सुप्रीम कोर्ट ने देश के लिये बड़ी समस्या बताया था, तथा कानून बनाने के लिये केन्द्र से कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय के बाद केन्द्र में बैठी मोदी सरकार का यह कर्तव्य बन जाता है कि जबरन धर्मांतरण के खिलाफ वह पूरे देश में एक कानून बनाये। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को एक साल से अधिक हो गया, लेकिन मोदी सरकार इस पर मौन है। भारतीय जनता पार्टी धर्मांतरण को लेकर देश भर में अफवाह फैलाने और राजनीति करने का काम करती है। जब इस मामले में ठोस पहल करने या कानून बनाने की बात आती है तब भाजपा की नीयत में खोट साफ नजर आता है।
thebiginningtimes