छत्तीसगढ़ में होगा खिलाड़ियों का महाकुंभ : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में जुटेंगे 3 हजार खिलाड़ी, रायपुर एयरपोर्ट पर परंपरा संग भव्य स्वागत

छत्तीसगढ़ में होगा खिलाड़ियों का महाकुंभ : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में जुटेंगे 3 हजार खिलाड़ी, रायपुर एयरपोर्ट पर परंपरा संग भव्य स्वागत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ को लेकर प्रदेश में खेल उत्सव का माहौल बन गया है। देशभर से खिलाड़ियों का आना शुरू हो गया है। सोमवार शाम असम से तैराकी के 10 और तमिलनाडु से फुटबॉल के 17 खिलाड़ी रायपुर पहुंचे।
स्वामी विवेकानंद विमानतल पर खिलाड़ियों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और SAI के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को गुलाब भेंटकर उनका अभिनंदन किया।


आयोजन के तहत 23 मार्च को भी विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। यह पहली बार है जब इस स्तर का जनजातीय खेल आयोजन छत्तीसगढ़ में हो रहा है।
यह प्रतियोगिता रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में आयोजित होगी। इसमें देशभर से करीब 3,000 जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।


25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में मुकाबले होंगे। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में रोमांचक प्रतियोगिताएं देखने को मिलेंगी।
यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और खेल भावना के अनूठे संगम को भी प्रदर्शित करेगा।