CG CRIME : अवैध संबंध के शक में घर में घुसकर हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या; 6 घायल
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेंडरवा में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 46 वर्षीय सुरेश श्रीवास ने तलाकशुदा पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक में शेख सलीम के घर में घुसकर तलवार से हमला कर दिया। हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौत हो गई, जबकि परिवार के आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उसके दो नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लिया गया है।
*पहले से चल रहा था विवाद,* *तलाक के बाद बढ़ी रंजिश*
जानकारी के अनुसार, सुरेश को अपनी पत्नी और गांव के शेख सलीम के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। करीब तीन-चार महीने पहले सुरेश ने पत्नी को तलाक दे दिया था, लेकिन इसके बाद भी उसकी रंजिश खत्म नहीं हुई।
*तलवार लेकर बेटों के साथ पहुंचा, घर में घुसकर किया हमला*
बुधवार को सुरेश अपने दोनों नाबालिग बेटों के साथ तलवार लेकर शेख सलीम के घर पहुंचा। उस समय सलीम घर पर नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने घर के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। मुराद बेगम की आंख पर तलवार से वार किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
*लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे पीड़ित, अस्पताल में भर्ती*
हमले में सोना परवीन, साक्षित परवीन, रेहान परवीन, शहनाज बेगम, अलीशा और अयान शेख गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल खुद ही रतनपुर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
*वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे गांव, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा*
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय और टीआई अंशिका जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
*आरोपी गिरफ्तार, बेटों को लिया अभिरक्षा में*
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक के चलते हमला करना स्वीकार किया है। उसके दोनों नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
*प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें*
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
thebiginningtimes